लखनऊ। अठारहवीं लोकसभा के लिए जारी आम चुनाव के छठवें चरण का चुनाव प्रचार आज शाम 5:00 बजे थम गया। इस चरण में प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान होना है। ये सीटें हैं भदोही, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीर नगर, मछलीशहर, जौनपुर, आजमगढ़ व लालगंज।
जिन 14 सीटों पर 25 मई को वोट डाले जाएंगे उनके मुख्य प्रत्याशियों का संक्षिप्त विवरण
भदोही
भदोही संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद रमेश बिन्द का टिकट काट कर मिर्ज़ापुर की मँझवां सीट से विधायक डॉ. विनोद कुमार बिंद को मैदान में उतारा है। गठबंधन में यह सीट टी एम सी के हिस्से में आई है। यहाँ से टी एम सी ने ब्राह्मण प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने यहाँ से हरिशंकर उर्फ़ दादा चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है।
सुल्तानपुर
सुल्तानपुर संसदीय सीट पर भाजपा ने अपनी मौजूदा सांसद मेनका गांधी पर भरोसा जताया है जबकि समाजवादी पार्टी ने रामभुआल निषाद को तो बसपा ने उदय राज वर्मा उर्फ़ पंकज पटेल को अपना अपना उम्मीदवार बनाया है।
प्रतापगढ़
इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार संगम लाल गुप्ता को सपा के डॉ. एसपी सिंह पटेल से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ से बसपा के प्रत्याशी प्रथमेश मिश्र ब्राह्मण होने की वजह से भाजपा के वोटबैंक में सेंधमारी करते दिख रहे हैं।
फूलपुर
फूलपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने अपने विधायक प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सपा ने यहाँ से पीडीए समीकरण को साधते हुए अमरनाथ मौर्य को प्रत्याशी बनाया है। जबकि बसपा ने यहाँ से जगन्नाथ पाल को प्रत्याशी बनाया है।
इलाहाबाद
इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। इंडिया गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है। उसने पूर्व सांसद कुँवर रेवती रमन सिंह के बेटे उज्ज्वल रमण सिंह यहाँ से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। बसपा ने यहाँ से रमेश पटेल को प्रत्याशी बनाया है।
अंबेडकर नगर
यहाँ मौजूदा सांसद और भाजपा के प्रत्याशी रितेश पांडे और सपा के लालजी वर्मा में सीधी टक्कर है। रितेश पांडे 2019 में यहाँ से बसपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। बसपा ने यहाँ से कमर हयात को अपना प्रत्याशी बनाया है।
श्रावस्ती
श्रावस्ती में सपा ने राम शिरोमणि वर्मा को प्रत्याशी बनाया है जो मौजूदा सांसद हैं। वी 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा की ओर से सांसद चुने गए थे परंतु बाद में उन्होंने सपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने यहाँ से साकेत मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है जो उनके सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। बसपा ने मुइनुद्दीन अहमद खान को यहाँ अपना उम्मीदवार बनाया है।
डुमरियागंज
डुमरियागंज से मौजूदा सांसद भाजपा के जगदंबिका पाल को समाजवादी पार्टी के कुशल तिवारी से कड़ी चुनौती मिल रही है। बसपा के मोहम्मद नदीम मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
बस्ती
मौजूदा सांसद भाजपा के हरीश द्विवेदी और सपा के राम प्रसाद चौधरी में यहाँ सीधी टक्कर है। बसपा ने लवकुश पटेल को यहाँ से अपना उम्मीदवार बनाया है।
संत कबीर नगर
भाजपा ने मौजूद सांसद प्रवीण निषाद पर फिर भरोसा किया है। समाजवादी पार्टी के लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ़ पप्पू निषाद मुस्लिम, यादव और निषाद मदाताओं के भरोसे अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। बसपा ने नदीम अशरफ को प्रत्याशी बनाया है।
लालगंज
लालगंज से नीलम सोनकर भाजपा की उम्मीदवार हैं। इन को सपा के दरोगा सरोज कड़ी टक्कर दे रहे हैं। बसपा ने बी एच यू की प्रोफेसर डा0 इंदु चौधरी को यहाँ से उम्मीदवार बनाया है।
आजमगढ़
सपा का गढ़ रही यह सीट हाई प्रोफाइल सीटों में शुमार है। यहाँ से सैफई परिवार के धर्मेन्द्र यादव दूसरी बार चुनाव लड़ने आए हैं। 2022 में अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद हुए उपचुनाव में धर्मेन्द्र यादव भाजपा के दिनेश लाल यादव निराहुआ से मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। इस बार भी उनका मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ से से है। बसपा ने मशहूद अन्सारी को यहाँ प्रत्याशी बनाया है मगर मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा में ही दिख रहा है।
जौनपुर
भाजपा ने यहाँ से कृपाशंकर सिंह को उम्मीदवार बनाया है तो सपा ने पीडीए पर भरोसा जताते हुए बाबू सिंह कुशवाहा को टिकट देकर मुकाबला रोचक बना दिया है। मौजूदा सांसद बसपा के श्याम सिंह यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में हैं।
मछलीशहर
मछलीशहर से भाजपा के बीपी सरोज लगातार दूसरी बार संसद पहुँचने की कोशिश में भाग्य आज़मा रहे हैं। यहाँ सपा ने सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता प्रिया सरोज को टिकट दिया है। प्रिया के पिता तूफ़ानी सरोज यहाँ से सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में जौनपुर की केराकत सीट से विधायक हैं। बसपा ने कृपाशंकर सरोज को प्रत्याशी बनाया है।