लखनऊ। देश की अठारहवीं के लोकसभा 2024 के लिए सात चरणों में हुए चुनाव परिणाम कई मायनों में खास है। इस बार संसद में कई युवा सांसद देखने को मिलेंगे जिनमें उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक युवा सांसद इस बार चुन कर ये हैं। प्रदेश के कौशांबी, मछलीशहर, कैराना, कैसरगंज और बदायूं वो 5 लोकसभा क्षेत्र हैं जहां से सबसे युवा सांसदों को जनता ने चुना है। इस सूची में सबसे पहला नाम कौशांबी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले पुष्पेंद्र सरोज का है जिनकी उम्र महज 25 साल है। दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर मछलीशहर से चुनकर आने वाली प्रिया सरोज रहीं। आइए जानते हैं लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश से निर्वाचित होने वाले इन युवा सांसदों के बारे में।
पुष्पेंद सरोज
उत्तर प्रदेश की कौशांबी लोकसभा सीट पर महज 25 साल के पुष्पेंद्र सरोज ने कमाल कर दिया। उन्होंने कौशांबी से दो बार के भाजपा सांसद विनोद सोनकर को करारी शिकस्त दी है। पुष्पेंद सरोज ने 1,03,944 मतों से बड़ी जीत दर्ज की है। पुष्पेंद्र सपा के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व मंत्री और कौशांबी से 5 बार के विधायक इन्द्रजीत सरोज के पुत्र हैं। पुष्पेंद्र ने अपनी 12वीं तक की शिक्षा देहरादून से की है। इसके बाद स्नातक की पढ़ाई लंदन के क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी से की। पुष्पेंद्र सरोज चार बार के विधायक और पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज के बेटे हैं।
प्रिया सरोज
उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट पर सपा की 25 वर्षीय प्रत्याशी प्रिया सरोज ने भाजपा के मौजूदा सांसद बीपी सरोज (भोलानाथ) को हरा दिया है। प्रिया सरोज ने 35,850 मतों से जीत दर्ज की है। भाजपा के बीपी सरोज को 4,15,442 मत मिले थे। खास बात यह है कि 2019 लोकसभा चुनाव में बीपी सरोज ने सिर्फ 181 मतों से चुनाव जीता था।
इकरा हसन
कैराना लोकसभा सीट से सपा की टिकट पर चुनाव जीतने वालीं इकरा हसन का नाम भी युवा सांसदों की सूची में शामिल है। 29 वर्षीय इकरा ने भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार को 69,116 मतों से हराया है। इकरा हसन को कुल 528013 वोट मिले। इकरा ने लंदन से पढ़ाई की है।
करण भूषण सिंह
उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट पर ब्रजभूषण शरण सिंह का दबदबा कायम है। उनके 33 वर्षीय बेटे करण भूषण सिंह ने 1,48,843 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी भगत राम को हराया है। करण भूषण सिंह को कुल 5,71,263 मत मिले। बता दें कि ब्रजभूशण शरण सिंह छह बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं।
आदित्य यादव
उत्तर प्रदेश की बदायूं लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले सपा प्रत्याशी आदित्य यादव का नाम भी युवा सांसदों की सूची में आ गया है। उन्होंने 35 वर्ष की उम्र में लोकसभा चुनाव जीता। आदित्य सपा नेता शिवपाल यादव के बेटे हैं। आदित्य यादव को कुल 5,01,855 मत मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य को 34,991 मतों से पराजित किया है।