अमेठी। जैसे जैसे 18 वीं लोकसभा का चुनाव परवान चढ़ रहा है वैसे वैसे संविधान बदलने का मुद्दा जोर पकड़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार केएल शर्मा के पक्ष में इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली हुई। रैली के मंच पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव मौजूद रहे। रैली की खास बात ये रही कि इस इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दोनों ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि यदि केंद्र में दुबारा भाजपा सरकार आई तो वे संविधान बदल देंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने अमेठी से अपना नाता बताते हुए कहा कि 4 जून को सरकार बनते ही गरीब महिलाओं के खाते में एक लाख रुपये जमा कराएंगे। वहीं, फूड पार्क बनाने की बात एक बार फिर कही। राजीव गांधी से केएल शर्मा के संबंधों जिक्र करते उन्होंने कहा कि इन्हें जिताएं। मैं भले रायबरेली का सांसद रहूं, अमेठी से मैं दिल से जुड़ा हूं। इंडिया गठबंधन के मंच से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार केएल शर्मा के पक्ष में वोट मांगा। साथ ही, मंच से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार अमेठी की स्मृति (यादों) में रह जाएंगी। चुनाव के बाद स्मृति ईरानी अमेठी से अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर मुंबई रवाना होने वाली हैं। अमेठी के लोगों ने यह तय कर लिया है। सपा और कांग्रेस की ताकत इस बार एकजुट होकर विधानसभा सीट पर दिखने वाली है।
प्रधानमंत्री पर राहुल गांधी ने बोला हमला
राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर अमेठी में बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही 4 जून को अग्निवीर योजना कूड़ेदान में फेंक देंगे। अग्निवीर के जरिए मोदी जी ने अडाणी को मदद करने के लिए शुरू की। अमेठी के लाखों युवाओं को नरेंद्र मोदी ने बेरोजगार बनाया। राहुल गांधी ने कहा कि 16 लाख करोड़ रुपये 22 लोगों का माफ किया। हमने कर्जा माफी की थी 70 हजार करोड़ रुपये। 24 साल अगर किसानों का कर्ज माफ हो तो इतना पैसा लगता। राहुल ने कहा कि अगर वह 22 अरबपति बना सकते हैं, हम करोड़ों लाखपति बना सकते हैं। अमेठी के गरीब लोगों से कह रहा हूं, 4 जून को अमेठी के सभी लोगों की लिस्ट बनेगी। हर प्रदेश के सभी गरीबों की लिस्ट बनेगी। हर गरीब परिवार के एक महिला का नाम चुना जाएगा। 5 जून को हम कानून बना देंगे। उसके बैंक एकाउंट में एक लाख रुपये जमा कराएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान बदलना चाहती है। हम उसे ऐसा हरगिज नहीं करने देंगे।
अखिलेश ने कसा स्मृति पर तंज़
अखिलेश यादव ने अमेठी की सभा में भाजपा एवं उसकी ओर से अमेठी प्रत्याशी स्मृति ईरानी पर जबर्दस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि 13 रु किलो चीनी देने का झूटा वादा करने वालों को इस बार अमेठी कि जनता हराकर भेजेगी । उन्होंने किसान आंदोलन का भी जिक्र किया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सड़कों को बंद कर दिया था। सड़कों पर कीलें लगवा दी थी। ट्रैक्टर और गाड़ियों को डीजल-पेट्रोल नहीं भरने देते थे। हम अपने किसानों को बधाई देंगे कि उन्होंने परवाह नहीं किया। दिल्ली जाकर डटे रहे और सरकार को अपने फैसले से पीछे हटना पड़ा। अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे हमारे किसानों की पैदावार को लूटना चाहते थे। उनकी जमीन को कब्जा करना चाहते थे, वे चले गए। उन्होंने कहा कि अभी हमारे किसानों को जो हक जो अधिकार मिलना चाहिए था, वह सरकार ने नहीं दिया है। अखिलेश ने कहा कि चार चरणों का चुनाव खत्म हो चुका है। जब से चार चरणों के चुनाव खत्म हुए हैं, भारतीय जनता पार्टी चारों खाने चित हो गई है। इनका रथ धंसा ही नहीं, फंस गया है। अब वे 400 पार का नारा भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि सही मायने में जनता जानती है, 400 पार का मतलब क्या है। दरअसल, भाजपा 400 के पार यानी 143 सीट ही जीतने का लक्ष्य रखा है। इस बार बीजेपी वालों को 140 सीटें भी नहीं आएंगी। अखिलेश ने कहा कि ये संविधान बदलना चाहते हैं। ये संविधान बदलकर के हमारे आपके हाथ से अधिकार छीनना चाहते हैं।