अखिलेश यादव ने ट्वीट कर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया , बोले- ‘पीडीए’ से बड़ा कोई विकल्प नहीं
उत्तर प्रदेश की सियासत में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के ऐलान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नए मोर्चे का स्वागत करते हुए इसे लेकर अपनी राजनीतिक राय सामने रखी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाज के स्तर पर परिवर्तन होना चाहिए, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ भी सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हित में जो भी ताकत साम्प्रदायिक शक्तियों से वास्तव में लड़ेगी और पीडीए समाज की आवाज उठाएगी, उसकी ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में वह सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे राजनीतिक विकल्प का एक फायदा विपक्ष को यह हो सकता है कि जो लोग भावनात्मक नारों और छलावे में आकर साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते थे, उनके सामने अब एक और विकल्प होगा। अखिलेश ने दावा किया कि इससे भाजपा के वोट प्रतिशत को नुकसान हो सकता है और कहा कि भाजपा को 2 से 3 प्रतिशत वोटों की और हानि हो सकती है।
अखिलेश यादव ने हालांकि यह भी कहा कि केवल बयानों से राजनीतिक सरगर्मी पैदा करने की कोशिश करने वालों की सच्चाई जनता समझती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मोर्चे लोकतंत्र को मजबूत कर सकते हैं, लेकिन इसके पीछे अपने समाज के हित की वास्तविक मंशा होनी चाहिए, न कि किसी तीसरे पक्ष का कोई अन्य उद्देश्य।
उन्होंने ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल को अपने समाज के वास्तविक हितों के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल किसी और की ‘कठपुतली’ बनकर रह जाता है तो जनता चुनाव में उसका जवाब भी दे सकती है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि लंबे समय से अपेक्षित इस राजनीतिक घटनाक्रम के सामने आने के बाद यह भी स्पष्ट हो गया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जिस दल के पास मजबूत आधारभूत वोट होगा, परिवर्तन चाहने वाली जनता उसी की ओर जाएगी। उन्होंने अपने ‘पीडीए’ को सबसे बड़ा राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि उनके अनुसार पीडीए से बड़ा कोई अन्य विकल्प नहीं है।
यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त रूप से ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया है। दोनों दलों ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर साथ आने की घोषणा की है। असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, जबकि चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगा।




